बांका जिले में किराए के भवनों में संचालित कुल 498 आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में संचालित करने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में
समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषक क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में अतिरिक्त कमरे उपलब्ध हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थानांतरित किया जाए।
जिन स्थानों पर आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है, वहां निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश उप विकास आयुक्त, बांका को दिया गया, ताकि संबंधित प्रावधानों के तहत भवन निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
इसके अतिरिक्त, जिला पदाधिकारी ने ऐसे आंगनबाड़ी केंद्रों को भी चिह्नित करने का निर्देश दिया, जिनके भवनों में मामूली मरम्मती की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आवश्यक मरम्मती कराकर इन भवनों को बेहतर स्थिति में लाया जाए, ताकि बच्चों को सुविधाजनक एवं सुरक्षित वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा और पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि किराए के भवनों पर निर्भरता कम हो और आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन बेहतर सरकारी भवनों में किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त, बांका सहायक अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी के साथ साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शामिल हुए।
11 views | Banka, Bihar | Oct 1, 2026