छात्रावासों में भोजन व्यवस्था पर संकट, रसोइया और चौकीदारों के वेतन में कटौती से आक्रोश
छतरपुर। जिले में आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों में कार्यरत रसोइयों और चौकीदारों के वेतन में कथित कटौती को लेकर कर्मचारियों और उनके परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न छात्रावासों में रसोइया और चौकीदार के पद पर कार्यरत कर्मचारियों को पूर्व में करीब 8,500 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता था। आरोप है कि अब बिना कोई स्पष्ट कारण बताए उनके खातों में महज 5,000 रुपये ही जमा किए जा रहे हैं। वेतन में अचानक हुई इस कटौती से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इसी समस्या को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं जिला संयोजक, आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय पहुंचीं और अपनी मांगों को लेकर आवेदन सौंपा। महिलाओं का आरोप है कि वे अपनी समस्या लेकर अधिकारी से मुलाकात करना चाहती थीं, लेकिन जिला संयोजक कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए।
अधिकारी के नहीं मिलने से महिलाओं में काफी नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रसोइयों और चौकीदारों को पूर्व की तरह पूरा वेतन दिया जाए और बिना जानकारी दिए वेतन में की गई कटौती का कारण स्पष्ट किया जाए।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, वेतन में कटौती के कारण छात्रावासों में भोजन व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh PRO Jansampark Chattarpur Collector Office Chattarpur BJP Madhya Pradesh Dileep Bjp Dileep Ahirwar Dr. Virendra Kumar Arvind Pateriya Puspendra Pratap Singh Umang Singhar Jitu Patwari