जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में जिले के मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को सेल्फ-मोटिवेशन के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक प्रतियोगी परीक्षाओं एवं बदलती परीक्षा प्रणाली के अनुरूप तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध आधुनिक ऑनलाइन कक्षाओं, डिजिटल लाइब्रेरी एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थियों को भी इन सुविधाओं के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने विद्यालयों में क्लास मॉनिटर पद्धति को प्रभावी रूप से लागू करने, विद्यार्थियों के लिए नियमित मोटिवेशनल क्लास आयोजित करने तथा प्रतिदिन होमवर्क देने का निर्देश दिया। सभी शिक्षकों को विद्यार्थियों की नोटबुक का नियमित संधारण एवं जांच सुनिश्चित करने तथा नोटबुक के आधार पर प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विद्यार्थियों का साप्ताहिक टेस्ट आयोजित करने तथा टेस्ट के परिणाम के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित कर उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए आवश्यक प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई एवं अभिभावकों से समन्वय करने पर भी जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों में नियमित विद्यार्थियों की उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी मॉडल स्कूलों का नियमित एवं निरंतर निरीक्षण सुनिश्चित करें तथा निरीक्षण से संबंधित प्रतिवेदन प्रतिदिन जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
Banka, Bihar | Aug 25, 2026