नगर पालिका परिषद हरदा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया ध्वजारोहण, देश की एकता-अखंडता के लिए लिया संकल्प
अनोखा तीर, हरदा। नगर पालिका परिषद हरदा में शनिवार को देशभक्ति, गौरव और उत्साह के वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद स्मारक पर पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों, क्रांतिकारियों एवं देशभक्तों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्मारक पर प्रज्वलित ज्योति को नमन कर पुष्पहार अर्पित किए।
इसके पश्चात नगर पालिका परिषद के प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को गौरव एवं उत्साह के साथ मनाया।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित पार्षद अंजना संदीप पाराशर, लोकेश राव मराठा, मनोज महलवार, कुंवर सिंह सानिया**, एल्डरमैन प्रियंका दुबे, मनसुख लोहाना, चंद्रशेखर रघुवंशी, गजानंद डाले एवं नवीन असरानी सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देश स्वतंत्रता की खुली हवा में सांस ले रहा है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश एवं देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की प्रगति, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
Harda, Harda | Aug 16, 2026