⬇️पिथौरागढ़ नगर में आठूं मेले का भव्य शुभारंभ, मां गमरा की झांकी ने बांधा समां⬇️
नगर में लोकपर्व आठूं मेला 2026 का भव्य शुभारंभ पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्साह के साथ हुआ। मेले के शुभारंभ के अवसर पर ग्राम टकाना-पितरौता से मां गमरा की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी के साथ ग्रामवासियों और विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने रैली में प्रतिभाग किया। जयकारों, भजनों और पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
झांकी और रैली नगर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों से होते हुए श्री रामलीला प्रबन्धकारिणी समिति मैदान पहुंची, जहां विधिवत रूप से मां गमरा की प्रतिमा स्थापित की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां गमरा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
आठूं मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में ( प्रथम दिवस ) महापौर कल्पना देवलाल, सांसद अजय टम्टा, समिति अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह माहरा , व्यवस्थापक दीपक गुप्ता सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, समिति के पदाधिकारी , कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान लोक परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं की झलक देखने को मिली। बच्चों और युवाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बनाया। आयोजकों ने कहा कि आठूं मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और सामुदायिक एकता का प्रतीक है। मेले के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी नगरवासियों में उत्साह बना हुआ है।