मऊ में 272.5 लीटर अवैध कच्ची व देशी शराब नष्ट
मऊ। ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा मुकदमों में बरामद अवैध शराब के विनिष्टीकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में न्यायालय के आदेश के क्रम में 25 अगस्त 2026 को कुल 23 अभियोगों से संबंधित 272.5 लीटर अवैध कच्ची व देशी शराब नष्ट कराई गई।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मऊ के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट द्वारा गठित टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। टीम में नायब तहसीलदार सदर शेषमणि, राजस्व निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, लेखपाल पंकज चौहान, अपराध निरीक्षक कोतवाली नगर सुभाषचन्द्र यादव, उपनिरीक्षक इसरार अहमद सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
विनिष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक मुकदमे से संबंधित शराब का आवश्यक नमूना माल सुरक्षित निकालने के बाद शेष 272.5 लीटर शराब को गड्ढा खुदवाकर उसमें डालकर नष्ट कराया गया। पुलिस के अनुसार ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत बरामद मुकदमाती माल और अवैध शराब के नियमानुसार विनिष्टीकरण की कार्रवाई लगातार की जा रही है।