बालेंगा में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं।
ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 4 ट्राइसिकल, 3 व्हीलचेयर, 1 ब्लाइंड स्टिक और 3 श्रवण यंत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 10 हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 24 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया तथा 5 गोद भराई और 5 अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराए गए। इसके साथ ही मत्स्य विभाग, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं से भी पात्र हितग्राही लाभान्वित हुए।
सेवा संकल्प अभियान शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनकर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #SevaSankalp #JanSeva #JanBhagidari