भागलपुर, 19 अगस्त 2026। श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा पर्यटन विभाग तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धांधी-बेलारी महाशिविर एवं सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट के सांस्कृतिक मंच पर 28 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में भागलपुर सहित बिहार एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों द्वारा गायन, वादन, नृत्य एवं नृत्य-नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
बुधवार, 19 अगस्त 2026 को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में धांधी-बेलारी महाशिविर का मंच भगवान शिव की भक्ति से सराबोर रहा। कलाकारों ने कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के मन को झुमा देने वाले शिव भजनों की भावपूर्ण एवं अद्भुत प्रस्तुति दी। “डमरू वाले बाबा तुमको आना होगा, नाम है तेरा तारण” तथा “चलो भोले बाबा के द्वार” जैसे भक्ति गीतों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण शिवमय हो गया और उपस्थित श्रोता शिव भक्ति में डूब गए।
धांधी-बेलारी के मंच पर तनु गांगुली, पटना, रौनक रतन, छपरा, अनन्या प्रकाश, राजीवनगर, पटना एवं श्री पंकज कुमार, गया ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं एवं दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन उद्घोषक श्री मनोज कुमार मिश्रा ने किया।
प्रस्तुतियों में वाद्य कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पैड पर श्री कैलाश तांती, ढोलक पर श्री लालमोहन प्रसाद, तबला पर श्री मृदुल चंद्र राकेश, ऑर्गन पर श्री राजेश झा तथा बैंजो पर श्री रिंकू ने अपनी शानदार संगत से कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाया।
वहीं, सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट स्थित मुख्य सांस्कृतिक मंच पर राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। “बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है” तथा “बोल बम-बोल बम” की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु एवं दर्शक भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। बिहार की समृद्ध लोक संगीत परंपरा की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
नमामि गंगे घाट के मंच पर नृत्य डांस एकेडमी, भागलपुर, जय प्रभा एकेडमी, पटना के सचिव श्री रवि राकेश रंजन तथा श्रीमती मुन्नी कुमारी, जगदीशपुर, भागलपुर द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। स्थानीय कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित प्रार्थना रूपी भजनों के माध्यम से समाज, प्रदेश एवं देश के कल्याण की मंगलकामना की। कार्यक्रम का उद्घोषण सुश्री अंकिता पल्लव ने किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पाण्डेय, उप विकास आयुक्त श्री रवि राकेश सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। धांधी-बेलारी मंच पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री अंकित रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुधीर कुमार, निदेशक DRDA श्री दुर्गा शंकर, निदेशक NEP श्री अमर मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
श्रावणी मेला के अवसर पर आयोजित इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवरियों को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति, लोक परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सुधी दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की।
उपस्थित श्रद्धालुओं ने पर्यटन विभाग, कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा किए जा रहे इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रावणी मेला के दौरान नियमित रूप से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन रहे हैं। वहीं, कलाकारों ने भी मंच से जिला प्रशासन के सहयोग, समर्पण एवं कलाकारों को उपलब्ध कराए जा रहे मंच के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
श्रावणी मेला 2026 के अंतर्गत आयोजित यह सांस्कृतिक श्रृंखला भक्ति, लोककला, संगीत एवं बिहार की सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रही है तथा श्रद्धालुओं के लिए मेले के आध्यात्मिक अनुभव को और अधिक समृद्ध बना रही है।