सहयोग शिविर का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, भूमिहीन महिलाओं के सर्वे एवं पर्चा वितरण की कार्रवाई का दिया निर्देश*
=================
सारण(छपरा)18अगस्त2026
=================
जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज दिनांक 18.08.2026 को रिविलगंज नगर पंचायत अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय, सेंगर टोला के परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में उपस्थित आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। शिविर में उपस्थित भूमिहीन महिलाओं के संबंध में जिलाधिकारी ने सर्वेक्षण कराकर पात्र लाभुकों को नियमानुसार पर्चा वितरण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
वहीं, शिविर में स्थानीय लोगों द्वारा नाला निर्माण एवं जलजमाव से संबंधित शिकायतें भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों का अविलंब स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा *जलजमाव* की समस्या के निराकरण हेतु प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पात्र लाभुकों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।