पंचायत परिसीमन से नाराज मेवदा गांव के ग्रामीण, मतदान बहिष्कार का लिया निर्णय।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
कपासन।ग्राम पंचायत के हालिया परिसीमन को लेकर मेवदा गांव के ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। परिसीमन में गांव को मुंगाना ग्राम पंचायत से हटाकर करीब 8 किलोमीटर दूर देवरिया ग्राम पंचायत में शामिल किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने आगामी पंचायत समिति चुनाव में मतदान के बहिष्कार का निर्णय लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, राजस्व गांव मेवदा, मुंगाना ग्राम पंचायत मुख्यालय से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से मेवदा गांव का मुंगाना ग्राम पंचायत की गतिविधियों और राजनीति में महत्वपूर्ण जुड़ाव रहा है।
वर्तमान परिसीमन के बाद मेवदा को देवरिया ग्राम पंचायत में शामिल किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नई पंचायत में शामिल होने के बाद उन्हें पंचायत संबंधी कार्यों के लिए करीब 8 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
परिसीमन में बदलाव को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर और उपखंड अधिकारी कार्यालय में आपत्ति दर्ज करवाकर मेवदा को पुनः मुंगाना ग्राम पंचायत में शामिल करने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मांग और गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसी नाराजगी के चलते मेवदा गांव में ग्रामीणों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी पंचायत समिति चुनाव में मतदान के बहिष्कार का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों के इस निर्णय के बाद स्थानीय स्तर पर पंचायत परिसीमन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की आपत्ति और मांग पर क्या कार्रवाई की जाती है।