डीएम ने इंगोहटा एवं सुमेरपुर में किसानों से संवाद कर जानी समस्याएं, सुचारू एवं पारदर्शी वितरण के दिए निर्देश*
हमीरपुर। जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अशोक कुमार ने उप निदेशक कृषि डॉ. प्रमोद कुमार एवं जिला कृषि अधिकारी हरी शंकर के साथ इंगोहटा खाद वितरण केंद्र तथा सुमेरपुर स्थित सहकारी समिति के खाद वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर उपस्थित किसान भाइयों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि जनपद में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है और किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सहकारी समितियों एवं खाद वितरण केंद्रों पर किसानों को क्रमबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए। किसानों की आवश्यकता एवं आवश्यक अभिलेखों के आधार पर टोकन व्यवस्था के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि वितरण के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद मिल सके।
उन्होंने बताया कि जनपद में वर्तमान आवश्यकता के अनुरूप खाद की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आगामी बुवाई को ध्यान में रखते हुए भी पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने किसान भाइयों से अपील की कि वे अपनी वर्तमान फसल की बुवाई एवं वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही खाद प्राप्त करें तथा अनावश्यक रूप से अग्रिम स्टॉक न करें। उन्होंने कहा कि बुवाई के समय एवं आवश्यकता के अनुसार क्रमबद्ध वितरण से सभी किसानों को समय पर आसानी से खाद उपलब्ध हो सकेगी।
जिला प्रशासन द्वारा जनपद के सभी खाद वितरण केंद्रों पर सुचारू, समान एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। किसानों से अपील है कि वे व्यवस्था में सहयोग करते हुए अपनी आवश्यकता के अनुसार ही खाद प्राप्त करें।