लडभड़ोल में संत रविदास जी की पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा का हुआ भव्य स्वागत
लडभड़ोल/अनीता शर्मा ।
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा के शुभ अवसर पर लडभड़ोल में आयोजित कार्यक्रम में जोगिंदर नगर के विधायक प्रकाश राणा ने सहभागिता की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था प्रकट की।
विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका जीवन आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाएं समाज में भेदभाव समाप्त कर आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों और उनके महान संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। यह यात्रा लोगों को सामाजिक एकता, समानता और मानव कल्याण के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर विधायक प्रकाश राणा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और समाज में भाईचारा, प्रेम एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।