आईआईएम इंदौर के 24 विद्यार्थियों का 5 दिवसीय ग्रामीण अध्ययन दल विदिशा पहुंचा
..
प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभाव एवं ग्रामीण परिवेश का करेंगे मैदानी अध्ययन, आईआईएम इंदौर के छात्रों का ग्रामीण अध्ययन दल विदिशा पहुंचा
..
भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) इंदौर के 24 विद्यार्थियों का दल ‘रूरल एंगेजमेंट प्रोग्राम’ (Rural Engagement Programme) के अंतर्गत पांच दिवसीय आवासीय ग्रामीण अध्ययन भ्रमण पर विदिशा जिले में पहुंचा है। विद्यार्थी 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तक जिले की जनपद पंचायत विदिशा एवं जनपद पंचायत गंजबासौदा के चयनित ग्रामों में प्रवास कर ग्रामीण विकास की जमीनी स्थिति, ग्रामीण जीवनशैली तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभाव का मैदानी अध्ययन करेंगे।
ग्रामीण अध्ययन कार्यक्रम के अंतर्गत आईआईएम इंदौर के विद्यार्थियों को छह-छह के समूहों में विभाजित किया गया है। जनपद पंचायत विदिशा के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुनपुरा एवं करारिया लश्करपुर तथा जनपद पंचायत गंजबासौदा के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरेठ एवं निवोदिया को अध्ययन के लिए चयनित किया गया है। विद्यार्थी इन ग्रामों में रहकर ग्रामीण परिवारों के साथ संवाद एवं प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से गांवों की सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को समझेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभाव का करेंगे अध्ययन -
ग्रामीण अध्ययन दल का विशेष फोकस प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों पर रहेगा। विद्यार्थी हितग्राहियों से सीधे संवाद कर पक्का आवास मिलने से पहले परिवार की आवासीय एवं सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा आवास निर्माण के बाद जीवन में आए बदलावों का अध्ययन करेंगे। इसके अंतर्गत परिवार के रहन-सहन, जीवन स्तर, सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक स्थिति तथा आवास की उपलब्धता से हुए सकारात्मक प्रभावों को समझने का प्रयास किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा योजना के क्रियान्वयन की जमीनी प्रक्रिया, हितग्राहियों को मिलने वाले लाभ तथा ग्रामीण स्तर पर योजना से संबंधित अनुभवों की जानकारी भी प्राप्त की जाएगी। इस अध्ययन के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्रामीण विकास योजनाओं के वास्तविक प्रभाव को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।
ग्रामीण संस्कृति और पंचायती राज व्यवस्था को भी समझेंगे -
ग्रामीण प्रवास के दौरान विद्यार्थी केवल शासकीय योजनाओं का अध्ययन ही नहीं करेंगे, बल्कि ग्रामीण परिवेश, स्थानीय संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक संरचना एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी करीब से जानेंगे। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों के माध्यम से संचालित होने वाली गतिविधियों और पंचायती राज व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से संवाद करेंगे। इस दौरान विद्यार्थी ग्रामीण समुदाय के साथ प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं, चुनौतियों तथा विकास की संभावनाओं को समझने का प्रयास करेंगे। पांच दिवसीय आवासीय प्रवास विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त प्रबंधन एवं विकास संबंधी अवधारणाओं को ग्रामीण परिस्थितियों के प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
जिला पंचायत कार्यालय में विद्यार्थियों का परिचय एवं मार्गदर्शन -
आईआईएम इंदौर के विद्यार्थियों के विदिशा आगमन पर जिला पंचायत कार्यालय में जनपद पंचायत विदिशा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गगन वाजपेयी एवं जिला समन्वयक (आवास) श्रीमती सविता जैन ने विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जिले की भौगोलिक स्थिति, ग्रामीण परिवेश तथा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने अध्ययन दल को चयनित ग्रामों में भ्रमण के दौरान हितग्राहियों एवं ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने तथा ग्रामीण परिस्थितियों को प्रत्यक्ष रूप से समझने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की।
ग्राम पंचायतों के माध्यम से की गई आवश्यक व्यवस्थाएं -
विद्यार्थियों के ग्रामीण प्रवास को सुगम बनाने तथा अध्ययन दल एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए ब्लॉक समन्वयक श्री धर्मेंद्र जाट, श्री ज्ञान सिंह लोधी एवं एडीईओ श्री हेमंत धोटे दलों के साथ उपस्थित रहे। संबंधित ग्राम पंचायतों के माध्यम से विद्यार्थियों के ठहरने तथा अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पांच दिवसीय इस ग्रामीण अध्ययन कार्यक्रम के दौरान आईआईएम इंदौर के विद्यार्थी चयनित ग्रामों में रहकर ग्रामीण जीवन और विकास योजनाओं के प्रभाव का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे। यह अध्ययन विद्यार्थियों को ग्रामीण भारत की सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को समझने तथा प्रबंधन शिक्षा को जमीनी अनुभवों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। #Vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 5, 2026