#यूपीआई पर #एमडीआर के विरोध में व्यापारियों का पैदल मार्च
श्यामगंज में व्यापारियों ने यूपीआई स्कैनर जलाकर जताया विरोध, 15 अक्टूबर से एमडीआर लागू होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
#बरेली, 2 अक्टूबर। यूपीआई पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया के नेतृत्व में व्यापारियों ने पूरे बरेली में नो यूपीआई डे का संदेश दिया। व्यापारी हाथों में विरोध की तख्तियां और बैनर लेकर पैदल मार्च करते हुए एमडीआर के विरोध में नारे लगाते रहे। पैदल मार्च का नेतृत्व महानगर उपाध्यक्ष दुर्गेश खटवानी ने किया।
राजेश जसोरिया ने कहा कि व्यापारी पहले से ही विभिन्न प्रकार के करों का बोझ उठा रहा है। अब यूपीआई भुगतान पर एमडीआर लगाए जाने से उस पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यूपीआई आम व्यापारी के लिए सुविधा का माध्यम बन चुका है। नकद लेनदेन कम होने से छिनैती और लूट जैसी घटनाओं में भी कमी आई है। व्यापारी यूपीआई से प्राप्त भुगतान का बिल काटकर उस पर जीएसटी भी अदा कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि 15 अक्टूबर से एमडीआर लागू किया गया तो व्यापार मंडल इसका बड़े स्तर पर विरोध करेगा। आवश्यकता पड़ने पर भारत बंद का आह्वान भी किया जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से व्यापारियों की मांग पर विचार करने की अपील की।
श्यामगंज में स्कैनरों की होली जलाई
श्यामगंज चौराहे पर महानगर उपाध्यक्ष श्याम मिठवानी के नेतृत्व में व्यापारियों ने अपने-अपने यूपीआई स्कैनरों की होली जलाकर विरोध जताया। इस दौरान व्यापारियों ने एमडीआर वापस लेने की मांग की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में महानगर युवा महामंत्री ईशन गुप्ता, मंडल युवा अध्यक्ष शुभम अग्रवाल, मुकुल मित्तल, स्टेशनरी मर्चेंट एसोसिएशन के अजय गुप्ता, अंकित अग्रवाल, सुभाष नगर व्यापार मंडल के रवि अरोड़ा व सौरभ श्रीवास्तव, केमिस्ट एसोसिएशन के अविनाश मित्तल, नमकीन संगठन के अनिल गुप्ता, निरंजन, कन्फेक्शनरी एसोसिएशन के गिरधारी देवनानी, किराना कमेटी के त्रिलोकी नाथ गुप्ता, मुकेश खटवानी, अंजनी गुप्ता, मनमोहन सब्बरवाल, दर्शन लाल भाटिया, राजेश कटिहा, संदीप सक्सेना, गीता पैलेस व्यापार समिति के अजय मुखिया, रजत गुप्ता और ओंकार सिंह समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
#Bareilly #news #live