गांव के विकास को नई दिशा देने के लिए विकास मंच उमरावत ने की नई पहल
--चौक-चौराहों पर सीसीटीवी, वाईफाई व स्ट्रीट लाइट से लेकर पेयजल और स्वास्थ्य-शिक्षा व्यवस्था तक सुधार पर रहेगा जोर
भिवानी, 17 अगस्त। गांव के विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विकास मंच उमरावत की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंच के प्रधान विनोद कुमार ने की। बैठक में गांव की वर्तमान समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए प्राथमिकताएं निर्धारित की गईं।
बैठक में विकास मंच के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गांव के चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, वाईफाई सुविधा उपलब्ध करवाने, गलियों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने, नियमित कूड़ा उठान, पेयजल एवं सिंचाई के पानी की समुचित व्यवस्था करवाना मंच की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके अलावा गांव में ओपन जिम स्थापित करवाने तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट जरूरी
बैठक में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए विकास मंच के प्रधान विनोद कुमार, रामनिवास कौशिक, लीलूराम, पंकज, ललित, सुरेश कुमार, सत्यवान फौजी ने कहा कि उमरावत गांव भिवानी शहर से मात्र चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन इसके बावजूद गांव में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि गांव के अनेक चौक-चौराहों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है, जिससे शाम के बाद ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि गांव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाना समय की जरूरत है। इससे असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था होने से रात के समय आवागमन में भी सुविधा होगी।
पेयजल और सिंचाई की समस्या का समाधान प्राथमिकता
अधिवक्ता नवीन, नंदा, मीनू, हरिओम, धर्मबीर, रामबीर, विजय, वेद प्रकाश, भूपेंद्र, ओम प्रकाश ने कहा कि गांव में पेयजल की पर्याप्त एवं नियमित व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही किसानों के लिए सिंचाई के पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास मंच गांव की समस्याओं को एकजुट होकर संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष रखेगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करेगा।
साफ-सफाई और शिक्षा-स्वास्थ्य पर भी रहेगा फोकस
बैठक में गांव की सफाई व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने कहा कि नियमित रूप से कूड़ा उठान की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके। इसके अलावा युवाओं और बच्चों के लिए ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को भी प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। विकास मंच के सदस्यों ने कहा कि गांव की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी जरूरी है। सरकारी शिक्षण संस्थानों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांग रखी जाएगी।
ग्रामीणों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाएगा मंच
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विकास मंच का उद्देश्य किसी राजनीतिक गतिविधि से जुडऩा नहीं, बल्कि गांव की मूलभूत समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाकर उनके समाधान की दिशा में प्रयास करना है। मंच द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं की प्राथमिकता सूची तैयार कर संबंधित विभागों तक पहुंचाने और जरूरत पडऩे पर प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि यदि गांव में सीसीटीवी, स्ट्रीट लाइट, वाईफाई, स्वच्छता, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं में सुधार होता है तो इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, युवाओं और बुजुर्गों सभी को लाभ मिलेगा। बैठक में रामनिवास कौशिक, लीलूराम, पंकज, ललित, सुरेश कुमार, सत्यवान फौजी, सोमबीर, दिनेश, संदीप कुमार, नसीब, नेहरू लाल, मुकेश, अधिवक्ता नवीन, नंदा, मीनू, हरिओम, धर्मबीर, रामबीर, विजय, वेद प्रकाश, भूपेंद्र, राजा विष्णु संत लाल ओम प्रकाश सहित विकास मंच के अनेक सदस्य मौजूद रहे।