*तिरंगा यात्रा के माध्यम से गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा*
पंचकूला/कमल कलसी
80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में तथा केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज 13 अगस्त को जिला पंचकूला के खंड बरवाला के गांव बुंगा और बतौर तथा खंड पिंजौर के गांव मड़वाला में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया।
और इसके साथ ही हरियाणा योग आयोग एवं पीएम श्री विद्यालय द्वारा भी हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
इन यात्राओं का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और जन-जागरूकता की भावना को सुदृढ़ करते हुए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ना रहा।
तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा ग्रामीणों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ सहित देशभक्ति के नारों का उद्घोष किया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया।
प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक लहराते हुए नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया। विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला प्रशासन पंचकूला द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जा रहे हैं, जहां आमजन, युवा और बच्चे तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। इसके अलावा, बच्चों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों तथा शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति की भावना पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश के प्रति जिम्मेदारियों तथा राष्ट्रीय एकता के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बच्चों और युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी अभियान को और अधिक प्रभावी एवं जनव्यापी बना रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव एवं देशभक्ति की भावना को प्रकट करें।