#बलरामपुर: अतिवृष्टि से चरमराई बिजली व्यवस्था पटरी पर लौटी, तुलसीपुर में 40 फीडर बहाल, शेष 7 पर काम जारी
जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने झोंकी ताकत, 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल करने का लक्ष्य
बलरामपुर। जनपद में बीते दिनों हुई भारी अतिवृष्टि और तेज आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त हुई बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की मुस्तैदी से विद्युत वितरण खंड बलरामपुर के सभी 27 फीडर पूरी तरह से रिस्टोर कर दिए गए हैं, जिससे इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई है।
प्राकृतिक आपदा के कारण जिले के कई हिस्सों में पोल उखड़ने, तार टूटने और ट्रांसफार्मरों को भारी नुकसान पहुंचा था, जिससे बड़े इलाके में ब्लैकआउट की स्थिति पैदा हो गई थी। हालात से निपटने के लिए विभाग ने अतिरिक्त संसाधन और टीमें लगाकर चौबीसों घंटे मरम्मत का काम शुरू किया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार:
बलरामपुर खंड: सभी 27 फीडरों को दुरुस्त कर सुचारू आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
तुलसीपुर खंड: कुल 47 फीडरों में से 40 फीडरों को चालू कर दिया गया है।
बहाली का काम जारी: तुलसीपुर के शेष 07 फीडरों पर युद्धस्तर पर काम चल रहा है, जहाँ टूटे पोलों की जगह नए पोल लगाने और तारों की मरम्मत का काम अंतिम चरण में है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिकता के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में मैनपावर और जरूरी उपकरण लगाए गए हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले 24 घंटों में शत-प्रतिशत काम पूरा कर जिले के हर हिस्से में निर्बाध विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
#dmbalrampur #balrampur