उज्जैन में MSME निवेशक संपर्क कार्यक्रम संपन्न, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 की तैयारी तेज
---
उज्जैन, 06 अक्टूबर 2026/ मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 की तैयारियों के क्रम में सोमवार को उज्जैन में MSME (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) निवेशक संपर्क कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उज्जैन संभाग में लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देना और नए निवेशकों को आकर्षित करना रहा।
कार्यक्रम में जिले के प्रमुख उद्योगपति, व्यापारी संगठन और शासकीय अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान उज्जैन में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार, नई औद्योगिक नीति, सिंगल विंडो सिस्टम और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं पर गहन मंथन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से निवेश के लिए सबसे पसंदीदा राज्य बन रहा है। सरकार की मंशा है कि बड़े उद्योगों के साथ-साथ MSME सेक्टर को भी मजबूती मिले, क्योंकि यही सेक्टर सबसे ज्यादा रोजगार सृजन करता है।
इस दौरान राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज ने कहा कि उज्जैन धार्मिक नगरी के साथ-साथ अब औद्योगिक नगरी के रूप में भी पहचान बना रहा है। यहां की कनेक्टिविटी और संसाधन उद्योगों के लिए अनुकूल हैं।
नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के तहत MSME निवेशक संपर्क कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। मैं माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का आभार व्यक्त करती हूँ जिन्होंने उज्जैन जैसे धार्मिक शहर को औद्योगिक विकास से जोड़ने की दूरदर्शी सोच रखी है।नगर निगम की तरफ से मैं सभी निवेशकों और उद्यमियों को विश्वास दिलाती हूँ कि शहर में उद्योगों के लिए बेहतर सड़क, पानी, बिजली और साफ-सफाई जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएंगी। हमारा प्रयास है कि उज्जैन में जो भी उद्योग लगे, उससे हमारे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार मिले।उज्जैन अब बदल रहा है, बाबा महाकाल के आशीर्वाद से यहाँ उद्योग और आस्था दोनों साथ-साथ आगे बढ़ेंगे।"
विधायक श्री अनिल जैन कालूखेड़ा ने कहा कि सरकार हर उद्यमी के साथ खड़ी है। निवेश करने वाले हर व्यक्ति को शासन स्तर पर पूरी मदद दी जाएगी।
विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री डॉ रवि सोलंकी ने कहा की "ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के अंतर्गत आज आयोजित MSME निवेशक संपर्क कार्यक्रम उज्जैन के औद्योगिक भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में हम उज्जैन को केवल आध्यात्मिक राजधानी ही नहीं, बल्कि औद्योगिक राजधानी के रूप में भी विकसित कर रहे हैं।उज्जैन विकास प्राधिकरण की तरफ से हम निवेशकों को आश्वस्त करते हैं कि उन्हें जमीन आवंटन से लेकर नक्शा पास करने तक की हर सुविधा सिंगल विंडो सिस्टम के तहत दी जाएगी। हमने नए औद्योगिक कॉरिडोर के लिए लैंड बैंक तैयार कर लिया है।मेरा सभी लघु एवं मध्यम उद्यमियों से आह्वान है कि आइए, उज्जैन में निवेश कीजिए, सरकार आपके साथ है।"
इस अवसर पर एमपीआईडीसी क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी संचालक श्री राजेश राठौड़ ने निवेश प्रक्रिया और औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।परिक्षेत्र कार्यालय के संयुक्त संचालक श्री समर्थ सिंह मंडलोई एवं जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री आदित्य तिवारी ने विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला।
लघु उद्योग भारती से श्री अरविंद सिंह पवार एवं श्री अतीत अग्रवाल ने उद्यमियों की समस्याएं और सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से उद्योग जगत और सरकार के बीच की दूरी कम होती है।कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में उद्यमियों ने निवेश को लेकर रुचि दिखाई और अपने प्रस्ताव भी रखे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Ujjain Commissioner
3 views | Umaria, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026