मेदनीचौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 143.37 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
लखीसराय। शराबबंदी वाले बिहार में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लखीसराय पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मेदनीचौकी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हुसैना गांव में छापेमारी कर 143.37 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि हुसैना गांव में कुछ लोगों द्वारा अपने घर से ही बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेदनीचौकी थाना पुलिस ने पुलिस बल के साथ प्रशांत केतु के घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान घर से अलग-अलग ब्रांड की 589 बोतल अंग्रेजी शराब, कुल 143.37 लीटर, बरामद की गई। बरामद शराब में रॉयल स्टैग व्हिस्की, पाब्लो प्रीमियम व्हिस्की, रॉयल झारखंड और जॉर्ज विलियम एक्स्ट्रा प्रीमियम व्हिस्की शामिल है।
शराब बरामदगी के बाद पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम-2018 के तहत कार्रवाई करते हुए निशांत केतु, उम्र करीब 18 वर्ष और सत्यनारायण महतो, उम्र करीब 55 वर्ष को गिरफ्तार किया है। दोनों हुसैना गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
इस मामले में मेदनीचौकी थाना में कांड संख्या 151/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त प्रशांत केतु की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 30, 2026