हरित ऊर्जा क्रांति की ओर अग्रसर हो रहा भिण्ड जिला: मंत्री श्री शुक्ला
कार्ययोजना बनाकर अधिक से अधिक नागरिकों को किया जाए लाभान्वित: मंत्री श्री तोमर
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान’ का मेहगांव में आयोजन
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में मेहगांव के रामलीला मैदान में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वर्चुअल संबोधित किया। शिविर में रूफटॉप सोलर, सब्सिडी, आवेदन, ऋण सुविधा और स्थापना संबंधी मार्गदर्शन के लिए विभिन्न स्टाल लगाए गए थे।
मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि जिले में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजनांतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान’ का आयोजन मेहगांव में किया गया है। उन्होंने बताया कि कैम्प के लिए राज्य शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग ने ऊर्जा विभाग के साथ मिलकर योजना को लोकप्रिय बनाने की कार्य योजना तैयार की है। आगामी दिनों में जिले की प्रत्येक तहसील में इस प्रकार के कैम्प लगाए जाएंगे, जिसमें रूफटॉप सोलर के लिए ऑनलाइन आवेदन, ऋण सुविधा और स्थापना संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाला समय रूफटॉप सोलर का है और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से भिण्ड जिला हरित ऊर्जा क्रांति की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में इस प्रकार का यह पहला आयोजन है, जिसे सफल बनाने के लिए उन्होंने नागरिकों की भागीदारी की अपील की।
मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी के सहयोग से मध्यप्रदेश का सौर ऊर्जा उत्पादन में देश का नौवां स्थान है। उन्होंने कहा कि कैम्प के माध्यम से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के पंजीयन को बढ़ावा देकर प्रदेश में हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया जाएगा। यह योजना 31 मार्च 2027 तक संचालित होगी इसलिए आगामी छः माह में विभागीय अधिकारी, सोलर वेंडर और वित्त संस्थाएं मिलकर आमजन की शंकाओं का समाधान करेंगे जिससे अधिक से अधिक व्यक्ति रूफटॉप सोलर के लिए प्रेरित हो सकें और ऊर्जा उत्पादक बन सकें। उन्होंने कहा कि शासन और नगरिकों की भागीदारी से भावी पीढ़ी को बचाने के लिए हरित और स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है।
मंत्री श्री तोमर ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा ‘सेवा सेतु अभियान’ सरकार और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करने का पुल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने स्वच्छ और निशुल्क ऊर्जा का जो संकल्प लिया है उसे सफल बनाने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत विभागीय अधिकारी छः माह की कार्ययोजना बना कर अधिक से अधिक नागरिकों को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए भिण्ड जिले को सौर ऊर्जा का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली का बिल शून्य करने की अपील की।
इससे पहले मंत्री श्री शुक्ला द्वारा अन्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष नगर परिषद मेहगांव श्रीमती कंचन पिंटू राठौर, जनपद अध्यक्ष भिण्ड श्रीमती सरोज बघेल, अन्य जनप्रतिनिधि, ऊर्जा विकास निगम, आरईसी, मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी और कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। नागरिकों को योजना के पंजीयन, आवेदन और सब्सिडी संबंधी जानकारी के लिए स्टाल लगाए गए थे तथा शिविर में सौर ऊर्जा उपकरणों के निर्माता-वेंडर और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
New & Renewable Energy Department, Madhya Pradesh
#भिण्ड
#Bhind