दलित सम्मान के खिलाफ बीजेपी की 'मानसिकता' उजागर, कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे अनिल धानक रामलीला मैदान ‘शुद्धीकरण’ विवाद पर गुरुग्राम में जोरदार प्रदर्शन
गुरुग्राम, राजधानी संदेश, गौरव गर्ग। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद दक्षिणपंथी संगठन द्वारा कराए गए कथित 'शुद्धीकरण यज्ञ' का मामला अब तूल पकड़ चुका है। राज्यसभा में इस घटना पर मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा अपने व्यक्तिगत अपमान और दलित-पिछड़ा विरोधी सोच का मुद्दा उठाए जाने के बाद, अब पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिल रहा है।
इसी कड़ी में गुरुग्राम में कांग्रेस अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनिल धानक के नेतृत्व में हज़ारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एक विशाल और आक्रोशित पैदल मार्च निकाला।
पुराने सिविल अस्पताल से हरीश बेकरी तक गूंजे तीखे नारे
यह पैदल मार्च गुरुग्राम के पुराने सिविल अस्पताल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्ग हरीश बेकरी तक निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं का आक्रोश साफ नजर आया। जुलूस में शामिल लोग हाथों में तख्तियां और झंडे लिए सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार और उसकी विचारधारा को आड़े हाथों लेते हुए बुलंद आवाज में नारे लगाए:
"जोर-जुलूम की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है!"
"चंदा चोर कहाँ मिलेंगे? बीजेपी के दफ्तर में!"
"यह सिर्फ खड़गे जी का नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है" – अनिल धानक
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल धानक ने कड़े शब्दों में इस घटना की निंदा की। अनिल धानक ने कहा, "मल्लिकार्जुन खड़गे जी एक सम्मानित जननेता हैं और देश की सबसे पुरानी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। किसी सार्वजनिक मंच पर उनके कार्यक्रम के बाद 'शुद्धीकरण' का ढोंग रचना बीजेपी और उससे जुड़े संगठनों की सामंती और दलित-विरोधी मानसिकता को जगजागृत करता है। देश 21वीं सदी में आगे बढ़ रहा है, लेकिन बीजेपी समाज को पीछे धकेलने और छुआछूत जैसी कुरीतियों को शह देने का काम कर रही है।"
अनिल धानक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस तरह के 'मानसिक अत्याचार' और संवैधानिक मूल्यों के हनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की और चेताया कि अगर ऐसी मानसिकता पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी व्यापक रूप लेगा।
सियासत गर्म, बीजेपी पर चौतरफा हमला
खड़गे द्वारा संसद (राज्यसभा) में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद से ही कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाए हुए है। पार्टी इसे सीधे तौर पर दलितों, पिछड़ों और वंचितों के आत्मसम्मान से जुड़ा मुद्दा बनाकर बीजेपी को घेर रही है। गुरुग्राम में अनिल धानक के नेतृत्व में हुए इस सफल प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि इस मुद्दे की आंच अब हरियाणा समेत पड़ोसी राज्यों में भी तेज़ी से फैल रही है।