श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में भागवत कथा के चौथे दिन धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, सत्य और धर्म का मार्ग अपनाने का संदेश देती है भागवत कथा : साध्वी करूणा गिरी महाराज
भिवानी, 01 अक्तूबर : स्थानीय दादरी गेट स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का पावन प्रसंग सुनाया गया। यह सात दिवसीय दिव्य कथा 4 अक्तूबर तक प्रतिदिन सायं 3 बजे से 6 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा व्यास श्रीश्री 1008 साध्वी करूणा गिरी महाराज के मुखारविंद से बह रही ज्ञानगंगा में गोता लगाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच रहे हैं। कथा के चौथे दिन जैसे ही साध्वी करूणा गिरी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का वर्णन शुरू किया, पूरा मंदिर परिसर नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर नृत्य किया और एक-दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर महंत चरणदास महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। अपने प्रवचनों में साध्वी करूणा गिरी महाराज ने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म, अत्याचार और असुरक्षा बढ़ती है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण के लिए अवतार लेते हैं। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, सत्य और धर्म का मार्ग कभी नहीं छोडऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने मात्र से मनुष्य के समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं और जीवन में सकारात्मकता एवं शांति का संचार होता है। कथा के सफल आयोजन में हुकमपुरिया परिवार का विशेष योगदान है। मुख्य आयोजक राजेंद्र अग्रवाल एवं दिनेश अग्रवाल ने बताया कि धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए इस कथा का आयोजन किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर 4 अक्तूबर तक चलने वाली इस अमर कथा का श्रवण करें और पुण्य के भागी बनें। इस अवसर पर रामदेव तायल, अधिवक्ता सुरेंद्र जैन, विजय किशन धारेडू, सुभाष जैन, राजेंद्र प्रसाद गर्ग, विनोद श्योराण, नत्थुराम केडिया, पूर्व सरपंच देवराज तोशामिया सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Oct 1, 2026