बच्चे भगवान का रूप हैं, मन को छू जाता है इनका निश्छल प्रेम - सुमन बहमनी
उत्थान संस्थान में विशेष बच्चों संग मेयर ने मनाया रक्षाबंधन
यमुनानगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्थान संस्थान में विशेष बच्चों के साथ स्नेह, अपनत्व और खुशियों से भरा माहौल देखने को मिला। नगर निगम महापौर सुमन बहमनी ने उत्थान संस्थान पहुंचकर विशेष (दिव्यांग) बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बच्चों ने महापौर की कलाई पर राखी बांधी और महापौर ने बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उनके साथ खुशियां साझा की। उत्थान संस्थान में मनाया गया यह रक्षाबंधन समारोह प्रेम, सम्मान, समानता और मानवीय संवेदनाओं का सुंदर संदेश दे गया।
महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि बच्चे भगवान का रूप होते हैं। इन मासूम बच्चों के बीच आकर रक्षाबंधन मनाना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। इनके चेहरे की मुस्कान, इनका निश्छल प्रेम और अपनापन मन को छू जाता है।”
उन्होंने कहा कि विशेष बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। हमें इन्हें दया नहीं, बल्कि सम्मान, समान अवसर और आत्मविश्वास देना चाहिए। इन बच्चों में अद्भुत प्रतिभा और क्षमताएं हैं। जरूरत है तो केवल उन्हें समझने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के अवसर देने की।
महापौर ने उत्थान की निदेशक अंजू वाजपेयी एवं डॉ. प्रमोद वाजपेयी द्वारा विशेष बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान बच्चों की देखभाल के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, संस्कार, आत्मनिर्भरता और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसे संस्थान समाज में संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं।
महापौर ने बच्चों के साथ काफी समय बिताया और उनकी गतिविधियों को करीब से जाना। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के साथ बिताया हर पल अपने आप में एक सीख है। समाज को इन बच्चों की क्षमताओं को पहचानते हुए उन्हें आगे बढ़ने का पूरा अवसर देना चाहिए।
इस दौरान बच्चों के चेहरे पर रक्षाबंधन की खुशी और उत्साह साफ नजर आया। महापौर ने सभी बच्चों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इन बच्चों की मुस्कान ही सबसे बड़ा आशीर्वाद है।
फोटो कैप्शन -
उत्थान संस्थान में मेयर को राखी बांधते बच्चे।
मेयर को सम्मानित करती उत्थान संस्थान की निदेशक अंजू वाजपेयी एवं डॉ. प्रमोद वाजपेयी।