अनूपगढ़ नगरपालिका में विकास कार्यो को लेकर बोर्ड की हुई पहली बैठक,
पालिकाध्यक्ष ने कहा- सभी वार्डो में समान रूप से होंगे विकास कार्य,
करीब ढाई करोड़ रुपये के विकास कार्यो पर हुई चर्चा
शहर के सौन्दर्यकरण और पानी निकासी के मुद्दों पर हुई चर्चा
अनूपगढ़ नगर पालिका में नया बोर्ड बनने के बाद आज बुधवार को शहर के सौंदर्यकरण और विकास कार्यो को लेकर पालिका अध्यक्ष निखिला छाबड़ा की अध्यक्षता में पहली बार बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बोर्ड बैठक में ईओ बब्बू ने विभिन्न मुद्दों की जानकारी दी। बैठक में शहर के सौंदर्य करण, लाइट व्यवस्था, नगर पालिका का राजस्व बढ़ाने के लिए भूखंडों की नीलामी, नए वाहन खरीदने, पालिका में पड़े नकारा का सामान की नीलामी करवाने, बरसात के पानी की निकासी, निर्माण कार्यों और अनूपग़ढ़ को जिला बनवाने की मांग को लेकर अन्य विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पालिका अध्यक्ष निखिला छाबड़ा ने कहा कि अनूपगढ़ के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहर की मुख्य समस्या गंदे पानी और बरसात के पानी की निकासी की है। इसके समाधान के लिए 6 अलग-अलग स्थानों पर बोरवेल और डिग्गी बनवाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है जिससे शहर की मुख्य समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। वहीं शहर के मुख्य 6 स्थानों पर हाई मास्ट लाइट लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है। वही उन्होंने कहा की स्ट्रीट डॉग और आवारा पशुओं की समस्या से भी निजात दिलवाने का प्रयास बोर्ड के द्वारा किया जाएगा। बैठक में वार्ड पार्षदों ने शहर में सफाई व्यवस्था सही करवाने की मांग को भी पूर्ण जोर तरीके से रखा।
शहर के सौन्दर्यकरण को लेकर पार्षदों ने दिए सुझाव
बोर्ड बैठक में आज शहर के सौंदर्यकरण पर भी चर्चा की गई। इस पर पार्षद उपाध्यक्ष कर्मनिशा बानो, निर्मला गोदारा, राजू चलाना, सुनील डाल, अभिषेक शर्मा, दीक्षा, शीतल बिश्नोई, सुखजीत सिंह सोखी, सनी धायल, जसविंदर सिंह, कोमल, कौशल्या,विकास, पेमा राम, अंजली गुप्ता, नरेश कुमार, ईशा सोनी, रितिका मिढ़ा, मुराद खान, सहित अन्य पार्षदों ने अपने सुझाव दिए। पार्षदों ने कहा कि शहर के सौंदर्यकरण के लिए सबसे पहले सफाई व्यवस्था को ठीक करना है ताकि शहर में सही तरीके से और सभी वार्डों में समान रूप से सफाई हो सके। इसके अलावा शहर के मुख्य चौराहों पर देश की महान हस्तियों के स्टेच्यू लगाए जाएं। इसके अलावा पार्षदों ने सुझाव दिए कि अनूपगढ़ के सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइटों को सही किया जाए और जहाँ पर स्ट्रीट लाइट नहीं है वहां नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। शहर के मुख्य चौराहों पर हाई मास्ट लाइट भी लगवा कर शहर को जगमग किया जाए। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में वेयरहाउस कॉर्नर, चूना फाटक के पास, श्याम मंदिर के पास, अंबेडकर पार्क, टैगोर पब्लिक स्कूल के पास और गुफा वाले मंदिर के पास हाई मास्ट लाइट लगवाना प्रस्तावित किया गया है।
गंदे पानी की निकासी का होगा स्थायी समाधान
बैठक में पूरे शहर से गंदे पानी और बरसात के पानी की निकासी के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। इस पर बैठक में निर्णय लिया गया कि गंदे और बरसात के पानी की निकासी के लिए बस स्टैंड के सामने, नानक नगरी के पास, वेयरहाउस के पास, सरकारी अस्पताल के पास और 22 ए रोड के पास बोरवेल बनवाए जाएंगे ताकि पानी की निकासी सुचारू हो सके। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि इसके अलावा पंप हाउस के पास 35 गुना 35 मीटर का एक स्टोरेज टैंक भी बनवाया जाएगा। जिससे पानी की निकासी की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा। वार्ड पार्षदों ने मांग की है कि शहर के विभिन्न वार्डों में बने हुए बड़े नालों की भी नियमित रूप से सफाई करवाई जाए।
करीब ढाई करोड़ के विकास कार्यो पर हुई चर्चा
ईओ बब्बू ने कहा कि बैठक में शहरी विकास के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यो पर भी चर्चा की गई। करीब 25-25 लाख रुपये की लागत से 1 से 35 वार्डों में नालियों के ढक्कन और पेच वर्क करवाने का प्रस्ताव रखा गया। वही वार्ड 1 से 35 तक 25-25 लाख की कीमत के नाली और लोहे की क्रोसिंग का निर्माण, इंटरलॉकिंग और सीसी रोड़ का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा वार्ड नंबर 27 में सीसी रोड और सुरक्षा दीवार का निर्माण करीब 46 लाख रुपए की लागत से करवाने का प्रस्ताव रखा गया।