लोअर बाजार में भाजपा ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
शिमला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से शिमला के लोअर बाजार में तिरंगा फहराया गया। इस दौरान शिमला शहरी से भाजपा प्रत्याशी रहे संजय सूद और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान शिमला शहरी से प्रत्याशी रहे संजय सूद ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया।
इसके बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कहा कि वह देश और प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को याद करने का अवसर है।
गुरमीत सिंह ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले सभी क्रांतिकारियों को शत-शत नमन किया। उन्होंने कहा कि आज देशवासी जिस स्वतंत्र भारत में सुख और सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं, वह असंख्य वीरों के बलिदान का परिणाम है।
उन्होंने देशवासियों से एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने और देश के विकास में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है और देश की “सोने की चिड़िया” वाली पहचान को फिर मजबूत किया जा सकता है।