जावरा महाविद्यालय में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' पर भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जावरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2047' अभियान के अंतर्गत भव्य जागरूकता कार्यक्रम एवं नशा मुक्ति रन / वॉक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:00 बजे नशा मुक्ति रन एवं हेल्थ वॉक प्रतियोगिता से हुई, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ जावरा की विभिन्न डिफेंस अकादमियों के विद्यार्थियों, वॉक क्लब जावरा के सदस्यों सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी के निर्देशन में, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. श्यामलाल चौधरी एवं डॉ. रेणुका रामदेव के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में झाला अकादमी से श्री चरण सिंह, फोर्स डिफेंस अकादमी से श्री देवेन्द्र सिंह तथा कमाण्डो डिफेंस अकादमी से श्री राहुल माली का विशेष सहयोग रहा।
मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंदसौर-जावरा क्षेत्र के सांसद श्री सुधीर गुप्ता, विशिष्ट अतिथि के रूप में जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी, मंच पर अन्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के जनभागीदारी अध्यक्ष श्री प्रमोद रावल एवं श्री महेश सोनी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रो. भावना भट्ट ने किया। मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत में संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं वंदे मातरम् की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात कार्यक्रम की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो. श्यामलाल चौधरी ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा 2 अगस्त को प्रारम्भ किया गया 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी संकल्प है।
विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधकारमय बनाता है। युवाओं को इस सामाजिक बुराई से सदैव दूर रहना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ युवा ही स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं।
मुख्य वक्ता के रूप में सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का 'विकसित भारत 2047' का संकल्प तभी पूर्ण होगा, जब देश का युवा नशा मुक्त, शारीरिक रूप से सशक्त और मानसिक रूप से दृढ़ होगा। जो युवा नशे को हराता है, वही वास्तविक योद्धा है। उन्होंने प्रत्येक युवा से इस जन-आंदोलन को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का आह्वान किया एवं उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
#jansampark #ratlam
#madhyapradesh