तिरंगे की रोशनी से जगमगाया भोपाल मंडल
-स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दिखा देशभक्ति का भव्य नजारा
-स्वतंत्रता दिवस पर डीआरएम कार्यालय सहित भोपाल मंडल में गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश
अनोखा तीर, भोपाल। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में राष्ट्रभक्ति एवं उत्सव का वातावरण देखने को मिल रहा है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भोपाल मंडल कार्यालय, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन एवं भोपाल रेलवे स्टेशन को आकर्षक एवं रंगीन विद्युत रोशनी से सजाया गया, जिससे इन प्रमुख रेलवे परिसरों की भव्यता देखते ही बन रही है। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे रेलवे भवन एवं स्टेशन परिसर तिरंगे के रंगों में देशभक्ति का संदेश देते हुए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्टेशन से गुजरने वाले यात्रियों तथा आमजन में भी इन आकर्षक विद्युत सज्जाओं को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोपाल मंडल द्वारा 15 अगस्त 2026 को डीआरएम परिसर में सुबह 9 बजे मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण, सलामी, महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेलवे के संदेश का वाचन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य समारोह के पश्चात रेल संस्थान, भोपाल में ध्वजारोहण एवं अन्य कार्यक्रम होंगे। इसके बाद वोट क्लब, भोपाल में रेलवे इंजन पर ध्वजारोहण किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर की गई आकर्षक विद्युत सजावट और 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से भोपाल मंडल द्वारा राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, गौरव एवं देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया जा रहा है। तिरंगे की रोशनी में सजे रेलवे परिसर स्वतंत्रता दिवस के उल्लास और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक जीवंत बना रहे हैं।
Harda, Harda | Aug 15, 2026