तीन महीने बाद फिर गुलजार हुआ रणथंभौर, जंगल सफारी के साथ पर्यटन सत्र का आगाज
सवाई माधोपुर से बड़ी खबर।
रणथंभौर में आज से नए पर्यटन सत्र की शुरुआत हो गई है। तीन महीने के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर रणथंभौर नेशनल पार्क में देशी-विदेशी पर्यटकों की चहल-पहल नजर आई।
पर्यटन सत्र के पहले दिन रणथंभौर पहुंचने वाले पर्यटकों का भारतीय संस्कृति के अनुसार तिलक लगाकर और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद पर्यटकों को जंगल सफारी के लिए रवाना किया गया।
आपको बता दें कि हर साल बरसाती मौसम के दौरान रणथंभौर के जंगल के कच्चे रास्तों में कटाव और क्षति हो जाती है। ऐसे में सफारी के दौरान हादसों की आशंका बढ़ जाती है। वहीं वन विभाग के अनुसार बारिश के मौसम में वन्यजीवों का प्रजनन काल भी माना जाता है, ऐसे में वन्यजीवों को किसी तरह का व्यवधान न हो, इसे देखते हुए 30 जून के बाद रणथंभौर के जोन 1 से 5 में सफारी बंद कर दी जाती है।
अब 1 अक्टूबर से देशी-विदेशी पर्यटक फिर से रणथंभौर के जंगल में सफारी का रोमांच ले सकेंगे। पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ ही रणथंभौर में होटल, रिसॉर्ट, सफारी वाहन संचालकों, गाइड और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों में भी उत्साह नजर आया।
इस मौके पर सीसीएफ, डीएफओ मानस सिंह, डीसीएफ संजीव शर्मा, जिला कलेक्टर कानाराम सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, रणथंभौर से जुड़े गाइड, वन्यजीव प्रेमी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।
तीन महीने के इंतजार के बाद रणथंभौर में फिर लौटी रौनक, जंगल सफारी के साथ शुरू हुआ नया पर्यटन सत्र।