बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों का चंघोरी में हुआ मॉक ड्रिल
महानदी में फंसे लोगों को मोटरबोट से सुरक्षित निकाला, रेस्क्यू से लेकर चिकित्सा सहायता तक परखी गई पूरी व्यवस्था
संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखने पुसौर विकासखंड के महानदी तटवर्ती ग्राम चंघोरी में बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में हुए इस अभ्यास में बाढ़ की स्थिति में महानदी में फंसे लोगों को मोटरबोट के जरिए सुरक्षित निकालने, डूब रहे व्यक्ति का रेस्क्यू करने, प्राथमिक उपचार देने तथा आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का जीवंत अभ्यास किया गया। यह मॉक ड्रिल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ बचाव दल, मोटरबोट से किया सुरक्षित रेस्क्यू
मॉक ड्रिल के दौरान सुबह करीब 10 बजे सूचना दी गई कि महानदी का जलस्तर बढ़ने से चंघोरी क्षेत्र में कुछ लोग नदी के बीच टापू पर फंस गए हैं। सूचना मिलते ही जिला स्तर पर राहत एवं बचाव व्यवस्था सक्रिय की गई। जिला आपदा राहत बल के प्रशिक्षित तैराकों की टीम मोटरबोट के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और नदी में फंसे लोगों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद लोगों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया तथा उनकी चिकित्सकीय जांच और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही नदी में डूब रहे व्यक्ति के बचाव की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। इस दौरान प्रशिक्षित तैराकों, मोटरबोट, चिकित्सा दल और एम्बुलेंस को एक साथ तैनात कर आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा गया।
एडीएम ने कहा-आपदा से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के तहत ग्राम पंचायत चंघोरी में बाढ़ की स्थिति का मॉक अभ्यास किया गया। इसमें जिले में बाढ़ आपदा से संबंधित सभी टास्क फोर्स और जिला स्तर के अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान महानदी में बाढ़ के कारण टापू पर फंसे लोगों को जीवन रक्षक नौका के माध्यम से सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया।
कई विभागों ने मिलकर किया समन्वित बचाव अभ्यास
1 views | Raigarh, Chhattisgarh | Aug 20, 2026