स्वतंत्रता दिवस उत्सव नहीं, शहीदों के बलिदान को याद करने का अवसर – सुमन बहमनी
निगम कार्यालय में मेयर ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, जनसेवा का दिलाया संकल्प
यमुनानगर। नगर निगम कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मेयर सुमन बहमनी ने नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और होमगार्ड के जवानों की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा निगम परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा। इस दौरान निगम अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्र के प्रति निष्ठा और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को याद करने का अवसर है। उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर हमें देश की एकता, अखंडता और विकास में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से किया गया प्रत्येक कार्य राष्ट्र निर्माण में योगदान है। मौके पर कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह, आयुष विभाग के पूर्व निदेशक सतपाल बहमनी, सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, कनिष्ठ अभियंता सिमरन सिंह समेत विभिन्न अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
उधर, नगर निगम कार्यालय जगाधरी में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने ध्वजारोहण किया। समारोह के अंत में सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और नगर के विकास के लिए सतत प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
फोटो - नगर निगम कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराती मेयर सुमन बहमनी।