जिलाधिकारी ने राजकीय जिला पुस्तकालय कर्वी का किया निरीक्षण, आधुनिक पुस्तकालय के निर्माण कार्य का लिया जायजा
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आज राजकीय जिला पुस्तकालय, कर्वी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं प्रस्तावित नवीन आधुनिक पुस्तकालय के निर्माण कार्य की तैयारियों का जायजा लिया। नीति आयोग योजना के अंतर्गत लगभग ₹7.00 करोड़ की लागत से कार्यदायी संस्था चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा नवीन आधुनिक पुस्तकालय का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने मौके पर ले-आउट प्लान, ड्राइंग एवं डिजाइन का गहन अवलोकन करते हुए आर्किटेक्ट से भवन निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
नवीन भवन में भूतल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें कोचिंग, पुस्तकालय, कार्यालय तथा मल्टीपरपज हॉल आदि की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आधुनिक पुस्तकालय की क्षमता 450 सीटों की रखी जाए। साथ ही लाइब्रेरियन के लिए पृथक कक्ष, बड़ा मल्टीपरपज हॉल, बच्चों के लिए किड्स-फ्रेंडली प्ले रूम तथा पर्याप्त संख्या में टैब की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक टेबल पर चार्जिंग प्वाइंट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कोचिंग कक्ष एवं वर्तमान राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। कोचिंग में यूपीएससी की परीक्षा हेतु ब्रिटिश शिक्षा नीति और उसके भारत पर परिणाम के अध्याय की पढ़ाई कराए जाने पर शिक्षक को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को पहले यह समझाया जाए कि प्रश्न किस प्रकार तैयार किए जाते हैं, इसके बाद विषय की व्याख्या की जाए। उन्होंने विगत 10 वर्षों के प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा के प्रश्नपत्रों को हल कराने, दोनों परीक्षाओं के पाठ्यक्रम की पृथक जानकारी देने तथा अध्ययन सामग्री को सरल भाषा में समझाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की तैयारी के लिए नियमित रूप से मॉक टेस्ट भी आयोजित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने लाइब्रेरियन से पुस्तकालय की पुस्तक क्षमता की जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि वर्तमान पुस्तकालय में लगभग 5 हजार पुस्तकों की क्षमता है। उन्होंने चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण को पुस्तकालय में सू-रैक तथा 100 लीटर क्षमता का वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों द्वारा विद्युत, शौचालय, पेयजल एवं साफ-सफाई से संबंधित समस्याएं बताई गईं। जिलाधिकारी ने प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाने तथा मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए।
कोचिंग हॉल एवं पुस्तकालय में साफ-सफाई संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सफाई कर्मचारी श्री वीरेंद्र का पांच दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि लाइब्रेरियन डा0 प्रदीप शुक्ल का इस माह का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। पुस्तकालय का नियमित निरीक्षण न किए जाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालय अवधि में किसी भी कर्मचारी द्वारा गुटखा आदि का सेवन न किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।