Public App Logo
औरंगाबाद: 5 महीने से लंबित मानदेय को लेकर शिक्षा सेवकों ने मंत्री रत्नेश सदा को सौंपा ज्ञापन, राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के सलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत महुलान गांव में आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा के आगमन के दौरान शिक्षा सेवकों और तालिमी मरकज के कर्मियों ने लंबित मानदेय भुगतान और राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। शिक्षा सेवकों ने बताया कि पिछले 4 से 5 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। इससे उनके और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने सरकार से अविलंब लंबित राशि जारी करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षा सेवक और तालिमी मरकज कर्मी लंबे समय से विद्यालयों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। बावजूद इसके उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षा सेवकों ने सरकार से सेवा को देखते हुए विद्यालयों में समायोजन और राज्यकर्मी का दर्जा देने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। शिक्षा सेवकों ने कहा कि सरकार ने पहले भी उनके हित में कई आश्वासन दिए थे। अब उन आश्वासनों को धरातल पर लागू कर लंबित मानदेय और सेवा संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। मंत्री रत्नेश सदा ने शिक्षा सेवकों को आश्वासन देते हुए कहा कि शिक्षा सेवक और तालिमी मरकज सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। सरकार उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्रीराम रजक, जिला सचिव रामसुरेश चौधरी, जिला संरक्षक रामकेवल रजक, कृष्णा सिंह भोगता, वीरेंद्र चौधरी, रामसूचित रजक, वीरेंद्र रजक, यदुनंदन कुमार, तापेश्वर रजक, संतोष ऋषियासन, जितेंद्र कुमार, ईश्वरी चौधरी, प्रमोद सिंह भोगता सहित बड़ी संख्या में शिक्षा सेवक मौजूद थे। - Madanpur News