स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत औरंगाबाद नगर परिषद का एक घंटे का श्रमदान, पंचदेव मंदिर से रमेश चौक तक चली सफाई।
औरंगाबाद। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत नगर परिषद द्वारा आज एक घंटे का श्रमदान अभियान आयोजित किया गया।
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान की थीम रही - "एक दिन-एक घंटा-स्वच्छता के नाम"। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और आमजन को स्वच्छता कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
श्रमदान अभियान की शुरुआत पंचदेव मंदिर से की गई और स्वच्छता गतिविधियां रमेश चौक तक संचालित की गईं।
इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष उदय गुप्ता, उपाध्यक्ष मो एहसान, रेड क्रॉस चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, समस्त पार्षदगण, कार्यपालक पदाधिकारी, स्वच्छता पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, कार्यालय कर्मियों, स्वच्छता साथियों एवं CRP की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
सभी ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ औरंगाबाद के निर्माण का संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने अपील की है कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, इसे नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए।