Public App Logo
अवैध कॉलोनियों पर जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) की बड़ी कार्रवाई पानीपत, 13 अगस्त। जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), पानीपत द्वारा गुरुवार को अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान लगभग 24 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही 5 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। इसके अतिरिक्त लगभग 10 डीपीसी, 2 निर्माणाधीन ढांचों तथा कॉलोनियों में विकसित किए गए आंतरिक सड़क नेटवर्क को भी जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया गया। साथ ही 1 व्यक्तिगत (इंडिविजुअल) संरचना को सील किया गया। यह कार्रवाई सिवाह खेड़ी, उग्रा खेड़ी एवं डाहर के राजस्व एस्टेट में की गई। अभियान के दौरान अवैध कॉलोनियों में किए गए विकास कार्यों को जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई को शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्लॉट, मकान अथवा अन्य संपत्ति की खरीद से पूर्व उसकी वैधता की विभागीय स्तर पर जांच अवश्य कर लें तथा अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों में सरकार द्वारा मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकतीं, जिसके कारण भविष्य में खरीदारों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी, ताकि योजनाबद्ध, सुरक्षित एवं वैध शहरी विकास को बढ़ावा दिया जा सके। - Panipat News