स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस परिवार के बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
मीरजापुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस लाइन मीरजापुर में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए फ्लैग मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता और कला-कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक एवं रचनात्मक तिरंगे बनाकर देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन मन मोहन ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता के प्रति जागरूक किया गया। वामा सारथी के माध्यम से पुलिस परिवार के बच्चों के लिए ऐसी रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं, जिससे उनमें प्रतिभा, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना का विकास हो सके।