मिड-डे मील की खीर खाने के बाद 30-40 बच्चे बीमार,बाड़ी प्राइमरी स्कूल का मामला
सीएचसी पतलीकूहल में उपचार जारी
एक साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल
Kullu Times
जिला कुल्लू के बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील में परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। खीर खाने के कुछ समय बाद बच्चों को उल्टियां शुरू हो गईं। कई बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार प्रभावित बच्चे जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी सहित आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। परिजनों के अनुसार बच्चों ने स्कूल में मिड-डे मील के दौरान खीर खाई थी। शाम करीब चार बजे छुट्टी के बाद जब बच्चे घर पहुंचे तो उनकी तबीयत अचानक खराब होने लगी।
बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे तथा बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की सूचना के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बच्चों के परिजनों रामचंद, मुकेश कुमार, ईशांत, देवराज, हीरा लाल, मेहर चंद और सुनील ने घटना पर चिंता जताई है तथा मामले की जांच की मांग की है।
सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार कर रहे चिकित्सक डाक्टर मोहित शर्मा के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मामले फूड पॉइजनिंग के प्रतीत हो रहे हैं। चिकित्सकों ने आशंका जताई है कि इसकी वजह दूषित पानी भी हो सकता है। हालांकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
बीएमओ नग्गर कर्ण ने बताया कि सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। बच्चों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।घटना की जानकारी मिलने के बाद मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल का दौरा कर बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। विधायक ने चिकित्सकों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।एक साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने प्रशासन से मिड-डे मील में इस्तेमाल खाद्य सामग्री और पानी के सैंपल लेकर जांच करवाने तथा मामले की पूरी जांच की मांग की है।
Kullu, Kullu | Aug 18, 2026