✅ मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम की प्रथम वर्ष की कक्षाओं का सत्रारंभ
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, हरदा एवं महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत BSW एवं MSW प्रथम वर्ष की कक्षाओं का सत्रारंभ शनिवार को जिले के तीनों विकासखंड हरदा, खिरकिया, टिमरनी में किया गया।
हरदा में कार्यक्रम पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय के सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला समन्वयक संदीप गौहर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को जन अभियान परिषद के कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। ब्लॉक समन्वयक राकेश वर्मा ने BSW एवं MSW पाठ्यक्रम की रूपरेखा और अध्ययन प्रक्रिया के बारे में बताया।
मुख्य अतिथि नगरपालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने कहा कि यह पाठ्यक्रम युवाओं को समाज की समस्याओं को समझने और समाधान के लिए कार्य करने का अवसर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कुशल नेतृत्व क्षमता विकसित कर समाज और राष्ट्र के विकास में भूमिका निभाने का आह्वान किया। पार्षद एवं समाजसेवी प्रदीप सोनी ने कहा कि समाजसेवा व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। महाविद्यालय परिसर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया गया तथा विद्यार्थियों को नशा मुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता दीनबंधु गौर ने किया, आभार परामर्शदाता जया साकल्ले ने व्यक्त किया।
Jansampark Madhya Pradesh
#Harda #CMCommunityLeadership #JanAbhiyanParishad #हरदा
2 views | Harda, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026