#भरतपुर। राजस्थान में साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर होने से पहले रोकने और अपराधियों पर कसते शिकंजे के बीच मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भरतपुर साइबर थाने का औचक निरीक्षण किया। सर्किट हाउस में आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा और जिला कलक्टर कमर चौधरी द्वारा स्वागत के बाद मुख्य सचिव ने थाने पहुंचकर हेल्पलाइन 1930 पर मिलने वाली शिकायतों, परिवादों की सुनवाई, अनुसंधान और कार्रवाई की जमीनी प्रक्रिया को समझा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस निर्देश के तहत 1930 हेल्पलाइन और आर4सी को बेहद सक्रिय किया गया है, ताकि शिकायत मिलते ही संदिग्ध बैंक खातों को समय रहते फ्रीज कराया जा सके। 'ऑपरेशन न्यू हंटर' के माध्यम से साइबर हॉटस्पॉट क्षेत्रों में इस्तेमाल हो रहे नए और संदिग्ध खातों को चिन्हित कर बंद किया जा रहा है। इसके लिए पुलिस और बैंकिंग तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। मुख्य सचिव ने कहा कि साइबर थानों में डेडिकेटेड इंटरनेट लाइन जैसे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा साइबर कमांडोज को आधुनिक प्रशिक्षण देने पर काम चल रहा है, जिससे अनुसंधान में तेजी लाई जा सके और पीड़ितों को तुरंत राहत मिल सके। थाने का निरीक्षण करने के बाक मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भरतपुर संभाग के सभी जिलों के आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों के साथ आयोजित विशेष डिनर व डिस्कशन बैठक में हिस्सा लिया। अनौपचारिक माहौल में रात्रिभोज की टेबल पर ही संभाग के सर्वांगीण विकास, नीतिगत मुद्दों और शासन में नवाचार को लेकर अधिकारियों के साथ गहन मंथन हुआ। तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य सचिव आज सर्किट हाउस में ही रात्रि विश्राम करेंगे और सोमवार सुबह केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण करेंगे। इसके पश्चात वे भरतपुर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचेंगे और फिर कलेक्ट्रेट में एयर क्वालिटी मैनेजमेंट की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेंगे।