-खटीमा में ‘आंगन मिलन’ में पहुंचे CM धामी, बच्चों को खिलाया खाना और गर्भवती महिलाओं को बांटी पोषण किट।
खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में शिरकत की। गोसीकुआ भुड़ाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मुख्यमंत्री का फूलमालाओं, पुष्पवर्षा और लोकनृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सीएम धामी ने बच्चों से संवाद किया, उन्हें अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ समय बिताया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म में हिस्सा लिया और उन्हें पौष्टिक आहार की किट वितरित की। इसके साथ ही 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट और पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया।
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 9 आंगनबाड़ी और 2 आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और पौधरोपण भी किया।सीएम धामी ने कहा कि ‘आंगन मिलन’ का उद्देश्य सेवा, स्नेह और संवाद को हर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सिर्फ पोषण देने के स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य, संस्कार और सर्वांगीण विकास की नींव तैयार करने वाले केंद्र हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। महालक्ष्मी किट, पोषण योजनाओं और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना सहित कई योजनाओं के जरिए महिलाओं और बच्चों को लाभ दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार, समाज और परिवार मिलकर बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी निभाएं तो स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड की नींव और मजबूत होगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार का विकल्परहित संकल्प है—कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे।,पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री उत्तराखंड