जंतर-मंतर में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में किसान एकता संघ का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बरेली। किसान एकता संघ ने बुधवार को सेठ दामोदर पार्क में धरना-प्रदर्शन कर जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग की।
किसान नेता डॉ. रवि नागर ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते का विरोध करते हुए कहा कि यह किसानों के हितों के विपरीत है और इसे समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की।
ज्ञापन में हरियाणा-दिल्ली सीमा पर किसानों के लिए रास्ता खोलने, आंदोलन से जुड़े मामलों का समाधान करने और किसानों की समस्याओं का जल्द निस्तारण करने की मांग उठाई गई। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव यज्ञप्रकाश गंगवार, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष बोहरन लाल गुर्जर, मंडल महासचिव डॉ. अंशु भारती सहित बड़ी संख्या में किसान एकता संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Bareilly news Live
#viral
#किसानएकतासंघ