बारिश की कमी और बढ़ती पानी की जरूरत के बीच पानेरियो की मादड़ी में मेनारिया ब्राह्मण समाज ने मिसाल पेश करते हुए वर्षों पुरानी बावड़ी की सफाई का बीड़ा उठाया। लंबे समय से उपयोग में नहीं आने के कारण बावड़ी की सफाई नहीं हुई थी और इसमें गंदगी जमा हो गई थी। वर्ष 2026 में कम बारिश के चलते क्षेत्र में पानी की समस्या को देखते हुए समाज ने इस पुराने जलस्रोत को फिर से उपयोग में लाने का निर्णय लिया।
समाज की ग्राम सभा के माध्यम से वार्ड 48 के पार्षद महेश पुरी गोस्वामी को बावड़ी की स्थिति से अवगत कराया गया। पार्षद ने मामले की जानकारी जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह राठौर को दी और बावड़ी की सफाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर की टीम से सहयोग मांगा।
इसके बाद नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गांव के वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के साथ मिलकर बावड़ी की सफाई का अभियान चलाया गया। वर्षों से जमा गंदगी और कचरे को हटाकर पुराने जलस्रोत को दोबारा उपयोगी बनाने की दिशा में काम शुरू किया गया।
Girwa, Udaipur | Oct 1, 2026