लाल-नीली बत्ती लगाकर घूम रही कार को डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने लगातार 5 किलोमीटर पीछा कर रुकवाया, 30 हजार रुपये का भारी चालान, वाहन इंपाउंड
पंचकूला 7 अक्टूबर:- पंचकूला की सड़कों पर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले तथा वाहनों पर अनधिकृत तरीके से लाल-नीली बत्ती, सायरन, काली फिल्म, अवैध स्टीकर अथवा अन्य प्रतिबंधित चीजों का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी स्वयं भी सड़क पर नियमों की निगरानी कर रहे हैं।
इसी क्रम में बीती रात करीब 8:30 बजे डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह सरकारी वाहन से सेक्टर-14 मार्किट की तरफ से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक ऐसी कार पर पड़ी, जिस पर अस्थायी नंबर प्लेट के साथ अनधिकृत रेड-ब्लू लाइट लगी हुई थी। वाहन में 2 युवक सवार थे। डीसीपी द्वारा चालक को वाहन रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे दौड़ा दिया और मार्किट के आसपास के रिहायशी इलाकों में वाहन को घुमाता रहा।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने वाहन का पीछा किया और करीब 5 किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के बाद सेक्टर-15 के पास कार को रुकवाया गया। इसके बाद डीसीपी द्वारा तत्काल सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी को मौके पर बुलाया गया। यातायात नियमों की विभिन्न उल्लंघनाओं की जांच के बाद वाहन चालक का 30 हजार रुपये का भारी-भरकम चालान किया गया। साथ ही वाहन को मौके पर ही इंपाउंड कर थाना सेक्टर-14 में खड़ा करवाया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस ऐसे वाहनों पर लगातार नजर बनाए हुए है, जिन पर अनधिकृत स्टीकर, रेड-ब्लू लाइट, ब्लैक फिल्म, अवैध सायरन अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क केवल वाहन चलाने की जगह नहीं, बल्कि सभी की सुरक्षा और सुविधा की साझा जिम्मेदारी है। सड़कों पर अनुशासन और सभ्यता बेहद जरूरी है, इसलिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia