अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं सम्मान समारोह आयोजित
________________
आशा निकेतन वृद्ध आश्रम में विधिक साक्षरता के साथ वितरित किए फल एवं बिस्किट
________________
कन्या आश्रम में छात्राओं को विधिक सेवाओं एवं हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी
________________
खरगोन 02 अक्टूबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडलेश्वर द्वारा आशा निकेतन वृद्ध आश्रम, खलखुजुर्ग में स्वास्थ्य शिविर, विधिक साक्षरता एवं वृद्ध सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री प्रीति जैन ने वृद्धजनों को विधिक सहायता एवं उनके अधिकारों से संबंधित जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर सुश्री प्रीति जैन द्वारा वृद्धजनों को फल एवं बिस्किट वितरित किए गए। कसरावद ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. संतोष बड़ोले एवं उनकी टीम द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देने के साथ ही जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित कीं।
वृद्ध आश्रम संचालक श्री गजेंद्र बजाज द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से वृद्धजनों को सम्मान, स्वास्थ्य एवं विधिक सहायता से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम, भीलगांव में भी विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, उपलब्ध विधिक सहायता एवं निःशुल्क विधिक सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही सालसा की हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी छात्राओं को बताया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चंद्रेश मंडलोई, डिफेंस काउंसिल सुश्री निशा कौशल, पैरालीगल वालंटियर श्री आकिल खान, अधीक्षिका श्रीमती रेखा पवार, प्रधान पाठक श्रीमती अरुणा रावत सहित आश्रम का स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Oct 2, 2026