हर घर तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, हजारों लोगों ने लहराया राष्ट्रध्वज
कटिहार में बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। समाहरणालय परिसर से शुरू हुई यात्रा अंबेडकर चौक, हनुमान मंदिर होते हुए कारगिल चौक पहुंची और फिर वापस समाहरणालय में समाप्त हुई। यात्रा में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों और विभिन्न विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं के साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने की अपील की।