बाड़ी स्कूल की खीर खाने से 40 बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती
खीर खाने के बाद उल्टियां शुरू, सीएचसी पतलीकूहल में उपचार जारी
फूड पॉइजनिंग की आशंका, खाद्य सामग्री और पानी के सैंपल जांच की मांग
मनाली विधायक ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों का जाना हाल
पतलीकूहल। बाड़ी प्राथमिक स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील में परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। खीर खाने के कुछ समय बाद बच्चों को उल्टियां होने लगीं। कई बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
प्रभावित बच्चे जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी समेत आसपास के गांवों के बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार छुट्टी के बाद घर पहुंचते ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ बच्चों के स्कूल के बाहर अर्धमूर्छित होने की भी सूचना है। पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
चिकित्सक डॉ. मोहित शर्मा ने प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। दूषित पानी भी इसकी वजह हो सकता है। बीएमओ नग्गर कर्ण ने बताया कि सभी बच्चों की निगरानी की जा रही है। मनाली विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों और परिजनों से मुलाकात की। अभिभावकों ने खाद्य सामग्री और पानी के सैंपल लेकर जांच की मांग की है।