बेतिया में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को बेतिया में नगर निगम की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया के नेतृत्व में निकली यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ शहर का भ्रमण किया। चंपारण सत्याग्रह के यादगार स्मारक हजारीमल धर्मशाला परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा वार्ड 17, 14 और 18 के विभिन्न मोहल्लों से होते हुए शहीद स्मारक पहुंची। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के नारों से शहर गूंज उठा। लाल बाजार और मीना बाजार जैसे व्यस्त इलाकों से गुजर रही यात्रा का दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कई लोग उत्साह के साथ यात्रा में शामिल भी हुए। यात्रा में नगर निगम के सिटी मैनेजर अभिषेक कुमार, सहायक अभियंता कृष्णा कुमार, नगर निगम के अधिकारी-कर्मी, वार्ड पार्षद सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल रहे। शहीद स्मारक पहुंचने के बाद शहीदों को नमन किया गया और यात्रा का समापन हुआ। इस मौके पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान, बलिदान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और देश की आजादी के महत्व से जोड़ना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाएं।
#champaran24news #viralreelschallenge #jansuraj #CMBihar #TirangaRally #viralvideochallenge #tiranga #BJPGovernment