एथलैटिक्स के करतब से हर किसी को कायल कर रहे स्यूली-तल्ली के राहुल भंडारी
श्रीनगर गढ़वाल। पैठाणी क्षेत्र के स्यूली-तल्ली गांव निवासी राहुल भंडारी अपनी एथलैटिक्स प्रतिभा और शानदार करतबों से युवाओं के बीच खास पहचान बना रहे हैं। श्रीनगर गढ़वाल में गंगा-दर्शन क्षेत्र के आसपास अक्सर उनके एथलैटिक्स से जुड़े करतब देखने को मिल जाते हैं, जिन्हें देखने के लिए लोग भी उत्सुक रहते हैं।
राहुल भंडारी न केवल खुद एथलैटिक्स में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि युवाओं को भी खेल के प्रति प्रेरित और प्रशिक्षित कर रहे हैं। वह लट्ठी ग्रुप के संयोजक डॉ. आलोक नेगी के सानिध्य में युवाओं को प्रशिक्षण देते हैं। उनका प्रयास है कि पहाड़ की प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और अभ्यास का अवसर मिले, ताकि वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
राहुल ने राठ महाविद्यालय से बीपीएड (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन) की डिग्री हासिल की है। खेल के प्रति उनका जुनून और शारीरिक फिटनेस के साथ युवाओं को प्रशिक्षण देने का अनुभव उन्हें एक बेहतर प्रशिक्षक के रूप में भी पहचान दिला रहा है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राहुल भंडारी जिस तरह एथलैटिक्स को बढ़ावा दे रहे हैं, वह क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच, प्रशिक्षण और अवसर देने की है।