*जिला स्वयंसिद्धा युवती सम्मेलन में जुटीं 650 छात्राएं*
*महिला स्वास्थ्य एवं कैरियर मार्गदर्शन पर हुआ मंथन*
--------------------
सोमवार को जगन्नाथ स्वामी टाउन हॉल, पन्ना में स्वयंसिद्धा युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पन्ना जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 650 छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार सहित स्वेच्छा पाठक, निशा सिंह यादव, मितांशी रैकवार एवं शशि राजे परमार उपस्थित रहीं। सम्मेलन में वर्षा सिंह बुंदेला ने सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भाव तथा नागरिक कर्त्तव्यों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया। डॉ. मीना नामदेव ने महिला स्वास्थ्य विषय पर छात्राओं से संवाद किया तथा स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया। इस सत्र का उद्देश्य छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर संवाद करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कलेक्टर श्रीमती परमार ने छात्राओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए उनके कैरियर, भविष्य की संभावनाओं एवं लक्ष्य निर्धारण को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने और जीवन में उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसिद्धा युवती सम्मेलन का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने महिला सशक्तिकरण एवं छात्रा नेतृत्व का सकारात्मक संदेश दिया। यह सम्मेलन छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
Panna, Panna | Oct 12, 2026