कसाई मंडी में हुई गौ हत्या के विरोध में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल मौजूद रहा...
दमोह। नूरी नगर क्षेत्र में गर्भवती गाय की हत्या के विरोध में आज मंगलवार दोपहर 12 बजे हिंदूवादी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पहले मानस भवन में एकत्रित हुए। इसके बाद डॉ भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पैदल कीर्ति स्तंभ पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन का वाचन कर एसडीएम सौरव गंधर्व को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में गौ हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। संगठनों ने दमोह जिले की गोचर एवं शासकीय गौभूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने और इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी। साथ ही गौ हत्या मामले में अवैध अतिक्रमण प्रमाणित होने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ राजस्व कानून के तहत कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में गौमांस की खरीद-बिक्री और आपूर्ति से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच, सड़कों पर गौवंश छोड़ने वाले पालकों पर कार्रवाई तथा आदतन अपराधियों के खिलाफ NSA के तहत कार्रवाई की मांग भी शामिल रही। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की गई। एसडीएम ने मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान सीएसपी एचआर पांडे, कोतवाली टीआई मनीष कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
Damoh, Damoh | Oct 6, 2026