14 माह के पेयजल-सीवरेज बिल एकमुश्त जारी होने से उपभोक्ताओं में रोष
चंबा संघर्ष समिति ने अधिशाषी अभियंता से मिलकर एरियर वसूली पर रोक लगाने की उठाई मांग
चंबा, 7 अक्तूबर।
जल शक्ति विभाग की पेयजल एवं सीवरेज बिलिंग व्यवस्था को लेकर चंबा में उपभोक्ताओं का रोष बढ़ता जा रहा है। लंबे समय तक बिलिंग और भुगतान व्यवस्था बंद रहने के बाद करीब 14 माह की अवधि के बिल एरियर सहित एकमुश्त जारी किए जाने से उपभोक्ताओं पर अचानक आर्थिक बोझ पड़ गया है।
मामले को लेकर चंबा संघर्ष समिति, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवी वर्ग के प्रतिनिधिमंडल ने जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता से मुलाकात कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल में डीके सोनी, सुरेश कश्मीरी, सत्य प्रकाश वेद, हरिंद्र सिंह, अशोक महाजन, लेख राज धीमान, ओम प्रकाश गुलेरिया, ओम प्रकाश गोस्वामी और सुभाष महाजन शामिल रहे।
प्रतिनिधियों ने कहा कि अगस्त 2025 में बिना स्पष्ट पूर्व सूचना के पेयजल और सीवरेज बिलों का भुगतान लेना अचानक बंद कर दिया गया था। इसके बाद उपभोक्ताओं ने कई बार विभाग से बिलिंग और भुगतान व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी।
समिति के प्रतिनिधियों का कहना है कि जब विभागीय स्तर पर लंबे समय तक बिल जारी नहीं किए गए और भुगतान स्वीकार करने की व्यवस्था भी बंद रही, तो अब इतने लंबे समय का एरियर एक साथ उपभोक्ताओं से वसूलना उचित नहीं है। इससे आम उपभोक्ताओं पर एकमुश्त आर्थिक भार पड़ा है।
प्रतिनिधिमंडल ने विभाग से मांग की कि एरियर की वसूली पर रोक लगाकर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए तथा बिलिंग व्यवस्था में आई इस समस्या का उचित समाधान निकाला जाए।
उपमुख्यमंत्री को भी सौंप चुके हैं ज्ञापन
चंबा संघर्ष समिति ने बताया कि इस मामले को लेकर मिंजर मेले के दौरान उपमुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था। समिति का कहना है कि इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बनी हुई है।
प्रतिनिधियों ने विभाग से मांग की कि पूरे मामले की समीक्षा कर उपभोक्ताओं के हित में व्यावहारिक निर्णय लिया जाए, ताकि लंबे समय तक बंद रही विभागीय बिलिंग व्यवस्था का खामियाजा आम जनता को एकमुश्त आर्थिक बोझ के रूप में न भुगतना पड़े।
— सुरेंद्र ठाकुर
Tribal Live News
Chamba, Chamba | Oct 7, 2026